रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ स्वयं वाहन चलाकर जोन्हा फॉल्स पहुंचे। इस दौरान उन्होंने झरने के मनोहारी वातावरण का आनंद लिया और आसपास मौजूद लोगों से आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय विक्रेताओं से मौसमी फलों की खरीदारी कर उनका स्वाद भी लिया, जिससे क्षेत्रीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अपनी मनोरम वादियों, घने जंगलों, जलप्रपातों और समृद्ध प्राकृतिक धरोहर के कारण देशभर के यात्रियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों से झारखंड की प्राकृतिक विरासत, संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव लेने के लिए यहां आने का आग्रह किया।






