दिल्ली : बैठक के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 10वीं शीर्ष समिति का आयोजन शुक्रवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होगा। इस अहम बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah करेंगे। इसका प्रमुख उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा नशे के खिलाफ राष्ट्रीय अभियान को और मजबूत बनाना है।
बैठक हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित होगी, जिसमें दिल्ली को छोड़कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) तथा एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रमुख ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भाग लेंगे। इस दौरान अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ आगे की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा होगी। कार्यक्रम में वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर तैयार राष्ट्रीय विजन डॉक्यूमेंट जारी किया जाएगा।

साथ ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की वार्षिक रिपोर्ट 2025 का भी विमोचन होगा। इसके अतिरिक्त, एनसीबी के गुवाहाटी और जम्मू स्थित जोनल कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण के लिए देशव्यापी “ड्रग विनष्टीकरण पखवाड़ा” की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे अवैध ड्रग्स नेटवर्क के विरुद्ध अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।






