सरायकेला: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गम्हरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संजय प्रसाद द्वारा की गई। जिसमें थाना क्षेत्र के विभिन्न समुदायों के विशिष्ट गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। साथ ही जुलूस, ताजिया एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।





