रांची : झारखंड राज्यसभा चुनाव के परिणाम केवल दो सीटों का फैसला नहीं हैं, बल्कि राज्य की राजनीति में कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव में झामुमो उम्मीदवार वैद्यनाथ राम की जीत अपेक्षित रही, लेकिन कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रणव झा की हार और एनडीए समर्थित निर्दलीय परिमल नथवानी की जीत ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
इस जीत में क्रॉस वोटिंग की अहम भूमिका रही, जिसने इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा असर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के रिश्तों पर पड़ सकता है। कांग्रेस नेतृत्व खुलकर यह मान रहा है कि गठबंधन के भीतर कहीं न कहीं समर्थन खिसका है, जबकि राजद और भाकपा-माले जैसे सहयोगी दल इन आरोपों को खारिज कर रहे हैं। इससे गठबंधन के भीतर अविश्वास की स्थिति बढ़ती जा रही है सकती है। दूसरी ओर, भाजपा और एनडीए इस परिणाम को राजनीतिक मनोबल बढ़ाने वाली जीत के रूप में देख रहे हैं।

विधानसभा में संख्या बल कम होने के बावजूद समर्थित उम्मीदवार की जीत यह दर्शाती है कि सत्ता पक्ष के भीतर भी असंतोष है। हालांकि इससे तत्काल सरकार पर कोई खतरा नहीं दिखता, लेकिन आगामी चुनावों और राजनीतिक रणनीतियों पर इसका असर पड़ना तय है। दलों के बीच विश्वास, उम्मीदवार चयन और विधायकों की निष्ठा अब प्रमुख मुद्दे बनेंगे। कुल मिलाकर, राज्यसभा चुनाव का यह परिणाम झारखंड की राजनीति में नए समीकरणों, गठबंधन की मजबूती पर बहस और विपक्ष के बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत माना जा सकता है।






