गिरिडीह : गिरिडीह जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने सभी थानों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान दर्ज मामलों की प्रगति, लंबित प्रकरणों की स्थिति, जांच की गुणवत्ता तथा क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया गया।
निरीक्षण में कुछ थाना क्षेत्रों में मामलों के निस्तारण की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने जमुआ के थाना प्रभारी विभूति देव, सरिया के थाना प्रभारी पिक्कू कुमार तथा तीसरी थाना प्रभारी शम्भूनाथ ईश्वर से स्पष्टीकरण मांगा है। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित अवधि के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ प्रकरणों में जांच कार्य धीमी गति से आगे बढ़ रहा है, जिससे मामलों के समाधान में देरी हो रही है। इस पर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को गंभीरता से कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा जनता की सुरक्षा से जुड़े दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता या शिथिलता किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





