सरायकेला-सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्र में बच्चा चोर अफवाह को लेकर जागरूकता अभियान चलाते हुए आम जनता से अपील की, और कहा सावधान ! कानून अपने हाथ में ना लें। कहीं कुछ गलती होता दिखे, तुरंत प्रशासन को सूचना दें।इन दिनों फैल रही “बच्चा चोर” की अफवाहों को लेकर कांड्रा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कांड्रा पुलिस द्वारा क्षेत्र में क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।

अभियान के तहत पुलिस पदाधिकारियों ने बाजार, चौक-चौराहों और ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को संदिग्ध मान लेना गंभीर अपराध हो सकता है। कई जगहों पर देखा गया है कि महज शक के आधार पर भीड़ द्वारा निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं, जो कानूनन दंडनीय है।
कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी व्यक्ति पर संदेह होता है, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें। पुलिस हर सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि अफवाह फैलाना और उसे बढ़ावा देना भी अपराध की श्रेणी में आता है।
थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। जागरूकता और संयम ही ऐसी अफवाहों से बचने का सबसे बड़ा उपाय है।




