सरायकेला: जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर शतपथी के नेतृत्व में सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से दिनांक 21/22 अप्रैल 2026 की रात्रि में चांडील अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत इचागढ़, चांडिल एवं चौका थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी अभियान संचालित किया गया।
यह अभियान रात्रि 12:00 बजे से प्रातः 06:00 बजे तक संचालित रहा, जिसमें संभावित संवेदनशील स्थलों एवं मार्गों की सघन जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध खनन एवं परिवहन गतिविधियों में संलिप्त संचालकों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।

अभियान के दौरान किसी भी वाहन को अवैध रूप से बालू परिवहन करते हुए नहीं पाया गया तथा न ही कहीं अवैध बालू उत्खनन की गतिविधि पाई गई।
जिला खनन पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित एवं औचक छापेमारी अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे। संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।




