गम्हरिया: गम्हरिया में स्थित विजय श्री ऑटोकॉम लिमिटेड के खिलाफ श्रम विभाग ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि कंपनी ने कर्मचारियों से पूरा काम करवाया, लेकिन उन्हें सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन नहीं दिया। इस मामले में लगभग 70 श्रमिकों की पहचान की गई है। श्रम विभाग ने कहा है कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के अनुसार, जांच में कई गड़बड़ियां मिली हैं। इनमें न्यूनतम वेतन नहीं देना, बोनस नहीं देना, छुट्टी का वेतन रोकना, और अन्य श्रम कानूनों का उल्लंघन शामिल है। शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर न्यूनतम वेतन से संबंधित दावा किया गया है, जिसे मंजूरी मिल गई है। दावा पत्र में प्रभावित कर्मचारियों को बकाया रकम के साथ 10 गुना तक मुआवजा देने की मांग की गई है। अब यह मामला सहायक श्रम आयुक्त के पास है, जहां सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।




