रांची:जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के मार्गदर्शन में उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जमशेदपुर पूर्वी एवं जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के उन मतदान केंद्रों का भ्रमण किया गया, जहाँ पैतृक मैपिंग की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर पाई गई थी। इस क्रम में SIR से पूर्व संचालित गतिविधियों के अंतर्गत मतदाताओं के पते और पहचान से संबंधित मिलान कार्य की प्रगति का आकलन किया गया।
जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र में बूथ संख्या 204, 83, 150, 54 एवं 156 तथा जमशेदपुर पश्चिमी क्षेत्र में बूथ संख्या 248, 226, 264, 245 एवं 262 का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि पूर्व में हुए गहन पुनरीक्षण के आधार पर तैयार मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने के लिए आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता प्रयास किए जा रहे हैं। बीएलओ तथा उनके पर्यवेक्षक चिन्हित ऐसे मतदाताओं के आवास पर जाकर सत्यापन एवं मिलान की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।

जिनका विवरण अब तक पूर्ण रूप से दर्ज नहीं हो पाया है। उन्होंने नागरिकों से इस कार्य में सक्रिय सहयोग देने का अनुरोध किया। साथ ही कम मैपिंग वाले केंद्रों के निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि जनसंपर्क गतिविधियों को सशक्त बनाया जाए ताकि मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित हो सके और कार्य में तेजी आए। उनका कहना था कि विस्तृत और सही मैपिंग से भविष्य में मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सुविधा होगी। उद्देश्य यह है कि कोई भी योग्य मतदाता वंचित न रहे और प्रत्येक मतदाता का विवरण पूर्ण रूप से प्रमाणित हो।






