रांची : समस्तीपुर शहर के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-122बी के पीरगंज स्थित अनन्या मोटर्स कार रिपेयरिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग पर नियंत्रण पाया जाता, तब तक करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की कई गाड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

इस आगजनी में रिपेयरिंग सेंटर में खड़ी महंगी कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे सेंटर संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। घटना की सूचना पर मोहनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से हुआ आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है।




