जमशेदपुर: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के लोकल काउंसिल, जमशेदपुर द्वारा रेलवे प्रशासन के खिलाफ बारीगोड़ा दुर्गा पूजा मैदान से सलगझुड़ी स्टेशन तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस जुलूस का नेतृत्व पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड अंबुज कुमार ठाकुर ने किया। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिलाएं, पुरुष और स्थानीय लोग जुलूस में शामिल हुए। जुलूस का मुख्य उद्देश्य सलगझुड़ी स्टेशन पर लोकल ट्रेनों के ठहराव को यथावत बहाल करने की मांग करना था।
रेलवे प्रशासन द्वारा पिछले तीन महीनों से बिना किसी पूर्व सूचना के सलगझुड़ी स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिए जाने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के इलाकों से काम की तलाश में आने वाले मजदूर, छोटे सब्जी विक्रेता, मछली बेचने वाले तथा जमशेदपुर और घाटशिला के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे उनका आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है।

जनता की इन समस्याओं के समाधान के लिए सीपीआई ने आंदोलन का बीड़ा उठाया है और लोकल ट्रेनों के साथ-साथ एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की है। जिला सचिव कॉमरेड अंबुज कुमार ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि ठहराव बहाल नहीं किया गया तो जनता बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी, जरूरत पड़ी तो रेल चक्का जाम भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व लोकल कमेटी के सचिव कॉमरेड सत्येंद्र सिंह ने किया, जबकि कॉमरेड हीरा अरकने और कॉमरेड निगमानंद पॉल ने भी लोगों को संबोधित किया।




