
पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर को विभिन्न स्रोतों से सूचना प्राप्त हुई थी कि पु०अ०नि० दीपक कुमार ठाकुर, ओ०पी० प्रभारी, ओलीडीह के द्वारा अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में संलिप्त कुछ युवकों को संदेहास्पद अवस्था में बिना कोई कानूनी कार्रवाई किये ओ०पी० से छोड़ा गया है। जिसकी सत्यतता की जाँच हेतु पुलिस अधीक्षक, नगर, जमशेदपुर को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक, नगर के द्वारा जाँचोपरान्त उनके द्वारा प्रतिवेदन समर्पित करते हुए उल्लेख किया गया है कि दिनांक 10.12.2025 को रात 08:00 बजे के आसपास अवैध गांजा खरीद-बिक्री के आरोप में कई पुड़िया गांजा के साथ 04 युवकों को थाना लाया गया, जिसमें से 02 युवक 1. अमन सिंह एवं 2. संतोष ठाकुर को बिना किसी कानूनी कार्रवाई किये एवं बिना किसी वरीय पदाधिकारी को सूचित किये ओ०पी० से छोड़ दिया गया । पुनः दिनांक 11.12.2025 को साधु मुंडा नामक संदेही को बिना किसी कानूनी कार्रवाई किये एवं बिना किसी वरीय पदाधिकारी को सूचित किये ओ०पी० से छोड़ दिया गया ।
आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में भी मादक पदार्थ के विरूद्ध कृत कार्रवाई के निमित जब पु०अ०नि० दीपक कुमार ठाकुर, ओ०पी० प्रभारी, ओलीडीह से पूछा गया तो उन्होंने दिग्भ्रमित करते हुए बताया कि केवल 02 युवकों को अवैध मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया है। उसके बाद उन्हें निर्देश दिया गया कि अविलम्ब उक्त संबंध में प्राथमिकी दर्ज करते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करें । परंतु संध्याकाल में पुलिस अधीक्षक, नगर के द्वारा की गई जाँच तक उक्त प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
पुलिस अधीक्षक, नगर के द्वारा समर्पित जाँच प्रतिवेदन से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि पु०अ०नि० दीपक कुमार ठाकुर, ओ०पी० प्रभारी, ओलीडीह द्वारा वरीय पदाधिकारियों को दिग्भ्रमित करते हुए उनके निर्देशों का उल्लंघन किया गया है, अवैध मादक पदार्थ जैसे गंभीर एवं संवेदनशील मामले में प्राथमिकी ना दर्ज कर कर्तव्य में लापरवाही की गई है तथा कथित रूप से संदेही / अभियुक्तों को लाभ पहुँचाने की कोशिश की गई है। उपरोक्त कृत्य इनकी संदिग्ध सत्यनिष्ठा एवं आचरण को परिलक्षित करता है जिसके लिए इन्हें तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र, जमशेदपुर रहेगा । उनके जगह पर अब नये ओपी प्रभारी मोहम्मद शारिक अली को बनाया गया है।




