सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अभय द्विवेदी ने प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए अधीनस्थ पदाधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एक बैठक में सभी अधिकारियों को समय पालन, कार्यों की गति बढ़ाने और निर्धारित समयसीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अभय द्विवेदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी या ढिलाई सीधे तौर पर जनता की परेशानियों को बढ़ाती है, जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो भी कर्मचारी या पदाधिकारी कार्य के प्रति लापरवाह पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित कर्मी की होगी।

बैठक के बाद माहौल में एक तरह की सख्ती और अनुशासन का असर दिखाई देने लगा है। अधीनस्थ कर्मचारियों में इस चेतावनी के बाद दहशत का माहौल बन गया है और वे अब समय पर कार्यालय पहुंचने तथा कार्यों को प्राथमिकता देने में जुट गए हैं।
इस पहल का उद्देश्य सरकारी कामकाज को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। अभय द्विवेदी के इस कदम को जनहित में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, जिससे गम्हरिया प्रखंड में प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद की जा रही है।




