सरायकेला : सरायकेला-खरसावां के तलसाही स्थित ब्लू बेल्स इंग्लिश स्कूल अपनी रजत जयंती पर 10 अगस्त को प्रातः 10 बजे से गणित महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम दो वर्गों में विभाजित है – समूह-अ में कक्षा 9 व 10 के छात्र, तथा समूह-ब में कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते हैं।

इस आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण शुल्क 20 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 5 अगस्त है। इच्छुक प्रतिभागी विद्यालय जाकर नामांकन कर सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹3000 और ट्रॉफी, दूसरे स्थान वाले को ₹2000 एवं ट्रॉफी, तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले को ₹1000 के साथ ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसका परिणाम 13 अगस्त 2025 को घोषित किया जाएगा, जबकि पुरस्कार वितरण समारोह स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2025 को आयोजित होगा।स्कूल के निर्देशक डोमनिक राज ने जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति अभिरुचि को प्रोत्साहित करना, उनकी विश्लेषणात्मक क्षमता को विकसित करना और उन्हें व्यावहारिक समस्याओं को हल करने हेतु सक्षम बनाना है।




