जमशेदपुर : सोमवार रात लगभग 8:30 बजे मिस्त्रीपाड़ा, चाकुलिया थाना क्षेत्र में एक सोने की दुकान के मालिक से तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर डेढ़ किलो सोना और 50 हजार रुपये छीन लिए। यह आभूषण लगभग 1.35 करोड़ रुपये का बताया गया है। वारदात के बाद तीनों हमलावर मोटरसाइकिल से पश्चिम बंगाल की दिशा में भाग निकले।

जैसे ही घटना की खबर फैली, मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दुकान के मालिक खोकन नंदी, जो हर दिन की तरह अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से गहनों और नकद के साथ लौट रहे थे, घर से महज 100 मीटर दूर गली में पहुंचते ही एक युवक ने चाकू दिखाकर उन्हें रोका। इसके बाद एक अन्य ने पिस्तौल दिखाकर उनका झोला छीन लिया। तीसरा अपराधी बाइक लेकर बाहर इंतजार कर रहा था। एक युवक ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन हथियार देख डर के मारे पीछे हट गया। होटल संचालक ने भी रोकना चाहा, मगर अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि जामबनी पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया है और बाकी की तलाश जारी है।




