दिल्ली ( प्रतिक सिंह ) : मानसून इस वर्ष निर्धारित समय (27 जून) से दो दिन बाद रविवार को राजधानी दिल्ली में दस्तक दे चुका है। देश के शेष इलाकों में यह 8 जुलाई तक सक्रिय हो गया था। वर्ष 2020 के बाद यह पहला अवसर है जब वर्षा ऋतु इतनी जल्दी पूरे देश में फैल गई।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले के बड़कोट क्षेत्र में रविवार तड़के मूसलधार बारिश के कारण बादल फटने की घटना हुई, जिससे यमुनोत्री मार्ग का लगभग 10 मीटर हिस्सा बह गया। सिलाई बैंड के पास चल रहे निर्माण स्थल पर बने मजदूरों के अस्थायी शिविर पर मलबा गिर गया। कुल 19 मजदूर वहां मौजूद थे, जिनमें से नौ अभी भी नहीं मिले हैं और दो के शव बरामद किए गए हैं। यह दुर्घटना तड़के लगभग 3 बजे हुई। यमुनोत्री मार्ग पर स्थाना चट्टी के नजदीक भूस्खलन से यमुना नदी का बहाव अवरुद्ध हो गया, जिससे स्याना चट्टी में झील जैसी स्थिति बन गई है। बद्रीनाथ जाने वाला मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। गंगा सहित अन्य प्रमुख जलधाराएं खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है।




