रांची: चार दिनों से मौसम अभी साफ भी नहीं हुआ कि, फिर से मंडराने लगा है बारिश का खतरा। राज्य अभी तीन दिन पहले भारी बारिश व जलजमाव से उबर भी नहीं पाया है कि मौसम विभाग ने दोबारा चेतावनी जारी कर दी है। 22, 24 और 25 जून को फिर से कई इलाकों में जोरदार बारिश, तेज हवाएँ और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दौरान येलो अलर्ट जारी रखा गया है और आम जनता से विशेष सावधानी बरतने का अनुरोध किया गया है।

पिछली बारिशों की वजह से कई नदियों में जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया था। अब भी डैमों का पानी बढ़ा हुआ है, इसलिए कुछ गेट खोले जा चुके हैं। हालांकि स्वर्णरेखा व खरकई नदियों का स्तर तो कुछ कम हुआ है, लेकिन वे अभी भी सामान्य से ऊपर हैं। इससे बाढ़ नियंत्रण की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। शहरों में जलजमाव ने सड़क परिवहन और रेल सेवाओं को प्रभावित किया है। जमशेदपुर से कई ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है। विशेषकर जुगसलाई अंडरपास में पानी भर जाने से वाहनों व पैदल यात्रियों को परेशानी हुई। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए हैं। एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य/बिजली विभाग अलर्ट मोड में हैं। साथ ही बचाव कार्यों व राहत वितरण को पूरी सतर्कता से चलाया जा रहा है । नागरिकों से अपील है कि खराब मौसम के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, पावर लाइनों, नदियों और डैमों के पास न जाएँ और मौसम अपडेट पर नज़र बनाए रखें।




