छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कर्रेगुट्टा सर्च ऑपरेशन के पूरा होते ही सुरक्षा एजेंसियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से माओवादी संगठन के 20 सक्रिय सदस्यों को पकड़ लिया। इनमें एक डिवीजन कमेटी सदस्य (DVC), पांच एक्शन कमेटी सदस्य (ACM) और 14 अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। बताया गया है कि ये सभी छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में माओवादी गतिविधियों में संलग्न थे।

तेलंगाना की मुलुगु पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि कर्रेगुट्टा क्षेत्र से माओवादी छोटे दलों में पलायन कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी कड़ी कर दी, जिससे इनकी धरपकड़ संभव हुई। गिरफ्तारी वाजेडु, वेंकटापुरम और कन्नईगुड़म इलाकों से हुई। पुलिस ने माओवादियों के पास से इंसास, एसएलआर, 303 बोर, 8 मिमी रायफलें, हैंड ग्रेनेड, रेडियो सेट, वॉकी-टॉकी, बैटरियां, पेन ड्राइव, बारूद और नकदी जब्त की। दूसरी ओर, मुलुगु जिले में एक DVCM सहित आठ नक्सलियों ने स्वेच्छा से आत्मसमर्पण कर दिया। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि कर्रेगुट्टा ऑपरेशन ने माओवादियों की कमर तोड़ दी है।




