रांची : शनिवार को झारखंड के कई जिलों में मौसम ने कहर ढा दिया। रांची समेत अन्य हिस्सों में तेज हवाओं और वर्षा के दौरान आसमानी बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हवा की गति इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर झोपड़ियों की छतें उड़ गईं और सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया।

राज्य के मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को बीस जिलों में तेज मौसमीय गतिविधियों की चेतावनी दी है। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश से बंगाल होते हुए एक हवाओं का दबाव वाला क्षेत्र बांग्लादेश की दिशा में बढ़ रहा है, जिससे मौसमी बदलाव हो रहे हैं। शनिवार को करीब एक घंटे तक हुई बारिश और उसके साथ चली तेज हवा ने कई क्षेत्रों को प्रभावित किया। वज्रपात से हजारीबाग, रांची, पलामू, बोकारो, जामताड़ा और गिरिडीह में लोगों की जान गई। सबसे अधिक वर्षा बोकारो में दर्ज की गई, जहां 44 मिमी पानी गिरा। अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ वर्षा और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।




