दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया सैन्य तनाव के चलते कुछ समय के लिए रोकी गई इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की बहाली की संभावना अब बनती दिख रही है। शनिवार को हुए संघर्ष विराम के बाद, टूर्नामेंट को फिर से शुरू करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। बीसीसीआई के पदाधिकारी और संचालन परिषद के सदस्य रविवार को बैठक कर संभावित कार्यक्रम पर विचार कर चुके हैं।

राजीव शुक्ला ने बताया कि फिलहाल कार्यक्रम को अंतिम रूप नहीं दिया गया है लेकिन लगातार विचार-विमर्श जारी है। बीसीसीआई विभिन्न पक्षों – फ्रेंचाइजी, प्रसारकों और अन्य हितधारकों से संपर्क में है ताकि नई योजना को अंतिम रूप दिया जा सके। जानकारी के अनुसार, लीग की बहाली लखनऊ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच मुकाबले से होगी। सूत्रों के मुताबिक, चार शहरों में मुकाबले खेले जाएंगे जबकि दिल्ली और धर्मशाला को बाहर रखा गया है। क्वालीफायर और एलिमिनेटर के आयोजन स्थल में बदलाव नहीं किया गया है, हालांकि बारिश की आशंका के कारण कोलकाता में फाइनल होना संदिग्ध है। ऐसी स्थिति में अहमदाबाद को विकल्प के तौर पर रखा गया है।




