रांंची : झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दल ने शनिवार को धनबाद क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा है, जिन पर विभिन्न आतंकवादी गुटों से जुड़ाव का संदेह है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों से दो हथियार, 12 जिंदा कारतूस, मोबाइल, कंप्यूटर और कट्टरपंथी संगठनों से संबंधित बड़ी मात्रा में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इनका इस्तेमाल युवाओं को बहकाने और धार्मिक उन्माद फैलाने में किया जा रहा था। पुलिस के बयान में बताया गया कि ये संदिग्ध हिज्ब उत-तहरीर, अलकायदा भारतीय उपमहाद्वीप और इस्लामिक स्टेट जैसे खतरनाक नेटवर्कों से संपर्क में थे। ये लोग सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल साधनों के जरिए युवाओं को बरगलाकर उन्हें कट्टर विचारधारा अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि ये लोग गैरकानूनी हथियारों की खरीद-फरोख्त और देशविरोधी गतिविधियों में सक्रिय थे। इस सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर धनबाद में छापेमारी की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गुलफाम हसन, अयान जावेद, मोहम्मद शहजाद आलम और शबनम प्रवीण के रूप में हुई है। जांच अभी भी चल रही है।




