
कोल्हान प्रमंडल चाईबासा: कोल्हान आयुक्त हरि कुमार केशरी ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से होली मनाने की आम जनता से अपील किया है। होली पर्व विशेषांक पर उन्होंने अपनी कार्यालय में बातचीत के दौरान बताया कि होली भारतीय संस्कृति का एक अहम हिस्सा है और यह हिन्दू नव वर्ष के आगमन का प्रतीक है। इस अवसर पर लोग रंगों की होली खेलते हैं, लेकिन इसके साथ ही इस पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की आवश्यकता है।
आयुक्त ने लोगों से अपील की कि वे होली को नशामुक्त होकर मनाएं और न केवल अपने परिवार बल्कि समाज में भी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाएं। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार रंगों के साथ-साथ एकता और भाईचारे का प्रतीक होना चाहिए, न कि किसी प्रकार के विवाद और तनाव का कारण। इस अवसर पर किसी भी प्रकार की जबरदस्ती रंग अबीर लगाने से बचने की अपील की गई है, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो और सभी लोग इस पर्व को खुशी और उल्लास के साथ मनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि होली के समय सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयुक्त ने यह भी बताया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा, अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि वे इस पर्व को आपसी सद्भावना और शांति के साथ मनाएं, ताकि एकता और सौहार्द पूर्ण वातावरण बना रहे।




