चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कपाली ओपी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी हुई सात मोटरसाइकिलों को बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में रविवार को चांडिल एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार विन्हा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शब-ए-बारात की रात मोहम्मद अनिसुर रहमान की स्कूटी चोरी हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर छह अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गईं। अनिसुर रहमान ने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी कर भोजन किया, लेकिन जब वे लौटे तो वाहन गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने कपाली ओपी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर एसडीपीओ अरविंद कुमार विन्हा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कपाली डैम डूबी अंसार नगर के फैयाज आलम उर्फ गलकट्टा, मिल्लत नगर के मोहम्मद महफूज और ताजनगर निवासी मोहम्मद ईशरार हुसैन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी कपाली ओपी क्षेत्र सहित आजाद नगर मानगो और आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के वाहनों को बेचने के लिए कपाली निवासी रफीक आलम को सौंप देते थे, जो उन्हें बंगाल में बेचता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी शातिर किस्म के हैं और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। ये लोग खुद को पुरानी बाइक खरीदने और बेचने वाला बताकर लोगों को गुमराह करते थे। कई बार ग्राहकों को वाहन के दस्तावेज बाद में देने का बहाना बनाकर उन्हें ठगते थे। इस छापेमारी दल में डीएसपी अरविंद कुमार विन्हा के अलावा पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, ओपी प्रभारी सोनू कुमार, पुअनि सुमित तिर्की, अब्दुल रज्जीक खान और कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है।




