रांची : झारखंड पुलिस ने हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से फरार थे और रविवार देर शाम जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से पकड़े गए। अशोक कुमार पर अपनी पत्नी को आग लगाने का आरोप है, जिसके चलते उनकी मौत हो गई थी। 26 दिसंबर 2024 को अशोक कुमार की पत्नी अनिता देवी गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उन्हें रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में अनिता देवी के भाई राजू कुमार गुप्ता ने लोहसिंघना थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में अशोक कुमार सहित उनके परिवार को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था।

मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसे आरोपियों की धरपकड़ का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में पुलिस ने एक दिन पहले अशोक कुमार के पिता दुर्योधन साव को भी गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले भी अशोक कुमार सरकारी कार्यालयों में छुट्टी के लिए आवेदन कर रहे थे। 25 जनवरी को उन्होंने कार्मिक विभाग में 26 जनवरी से 26 मार्च तक इलाज के लिए अवकाश मांगा था। इससे पहले भी उन्होंने पत्नी के श्राद्ध और इलाज के लिए अवकाश लिया था।




