जमशेदपुर : टेल्को खड़ंगाझाड़ निवासी एक व्यक्ति साइबर अपराधियों का शिकार हो गया, जहां ऑनलाइन ठगों ने 30.54 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, ठगों ने सोशल मीडिया पर एक फर्जी कंपनी का विज्ञापन देकर 35% तक का मुनाफा कमाने का लालच दिया। पीड़ित को कारोबार में निवेश के लिए आसान लोन की पेशकश भी की गई, जिससे वह जाल में फंस गया। ठगों ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल किया और फिर प्ले स्टोर से ‘ओ ट्रेडर’ नामक ऐप डाउनलोड करने को कहा।

इसके बाद ठगों ने फोन पर लगातार संपर्क कर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। विश्वास जीतने के लिए उसे कंपनी से लोन दिलाने का वादा किया गया। लेकिन बाद में विभिन्न चार्जों जैसे सर्विस टैक्स, लोन प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर उससे करीब 30 लाख रुपये ऐंठ लिए। रकम देने के बावजूद जब कोई मुनाफा नहीं मिला और ठगों से संपर्क संभव नहीं हो पाया, तब जाकर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उसने तुरंत साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और साइबर अपराधियों की तलाश जारी है।




