जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर गिरिडीह में पत्रकार अमरनाथ सिन्हा पर हुए हमले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, पत्रकारों की सुरक्षा और सहूलियतों पर ध्यान देने का अनुरोध किया। ज्ञापन में बताया गया कि ईटीवी भारत के पत्रकार अमरनाथ सिन्हा पर गिरिडीह के टोल प्लाजा पर समाचार संकलन के दौरान जानलेवा हमला किया गया। यह हमला न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता पर भी हमला है। प्रेस क्लब ने सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष कानून लाने की अपील की है, ताकि पत्रकार बिना भय के अपने कर्तव्यों का पालन कर सकें और समाज को सही जानकारी प्रदान कर सकें।

जमशेदपुर प्रेस क्लब ने गिरिडीह घटना की घोर निंदा करते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन पत्रकारों की सुरक्षा और हितों का पूरा ध्यान रखेगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय महतो, वरिष्ठ पत्रकार अरिंदम सिन्हा, रत्नेश तिवारी, संदीप सवर्ण, भोला प्रसाद, और अन्य पत्रकार शामिल थे। प्रेस क्लब ने उम्मीद जताई कि सरकार पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाएगी।




