सरायकेला : एमआईजी काली पूजा कमेटी का सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को सम्पन्न हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओडीसा के राज्यपाल रघुवर दास मौजूद रहे. जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अजय सिंह, भाजपा नेता जटा शंकर पांडेय, शिव शंकर सिंह, समाजसेवी आर के सिन्हा, पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह, सतीश पूरी, पत्रकार संजय मिश्रा और ब्रजभूषण सिंह मौजूद रहे. सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी की मशहूर कलाकार निशा उपाध्याय ने अपने गीतों पर आदित्यपुर वासियों को खूब झुमाया. निशा उपाध्याय ने भोजपुरी पचड़ा धोवत धोवत तोहरी मंदिरिया हथवा खियईली हो …से कार्यक्रम की से शुरुआत की. जिसके बाद एक से बढ़कर एक भोजपुरी गीतों पर लोगों को झुमाया. मुख्य अतिथि राज्यपाल रघुवर दास ने अपने संबोधन में कहा कि मैं शक्ति की अधिष्ठात्री मां काली का आराधना करते हुए राज्य और देश की खुशहाली का वरदान मांगता हूं. नारी शक्ति के बिना भगवान शंकर भी शव के समान हैं. नारी शक्ति के बिना सबकुछ शून्य है. नारी शक्ति की वजह से ही भारत में कुटुंब व्यवस्था है।

यह त्योहार शक्ति के संचय का पर्व है. हमलोग दुर्गा, काली, लक्ष्मी, सरस्वती आदि की पूजा शक्ति के रूप में करते हैं. जो राष्ट्र हमपर 200 वर्ष राज किया आज शक्ति की आराधना के वजह से ही भारत उनके समकक्ष है. पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि मैं हर वर्ष यहां भक्ति भाव के लिए आता हूं. मां काली रक्षा काली के रूप में मनुष्यों को दुखों और संकटों से रक्षा करती है।कार्यक्रम का संचालन संतोष पांडेय और अध्यक्षता शैलेंद्र सिंह ने किया. अतिथियों ने कमेटी के संस्थापक इंजीनियर रिपुसूदन दुबे, सोना देवी यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रभाकर सिंह, डॉ नुकुल चौधरी, प्रतीक फाउंडेशन के अजीत सरकार को सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया. अतिथियों ने मौके पर वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया।




