रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि झारखंड में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 51.17 करोड़ रुपए से अधिक के अवैध सामान और नकदी जब्त की जा चुकी है। आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामलों में अब तक 16 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। गौरतलब है कि 17 अक्टूबर तक राज्य में जब्त की गई संपत्ति की कुल राशि 38 लाख रुपए थी, जो महज आठ दिनों में तेजी से बढ़कर 51 करोड़ तक पहुंच गई है। जब्ती की इस बढ़ती रफ्तार से स्पष्ट है कि चुनाव आयोग का सख्त नियंत्रण और कड़ी नजर राज्य में अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। यह संकेत है कि जैसे-जैसे चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

इस कार्रवाई से चुनाव आयोग का उद्देश्य साफ है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कदम एक ओर अवैध कार्यों पर अंकुश लगाएगा तो दूसरी ओर मतदाताओं में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के प्रति विश्वास बढ़ाएगा। चुनाव आयोग की यह सख्ती राज्य में कानून व्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी और मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र बनाने में सहायक होगी।




