चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीणों का एक समूह अपनी रैयती जमीन पर सड़क निर्माण के मुआवजे की मांग को लेकर उपायुक्त कुलदीप चौधरी से मिले। ग्रामीणों का कहना है कि जोड़ापोखर झींकपानी से टोन्टो (मंझारी) तक की सड़क योजना के लिए सरकार ने मार्च 2023 में भू-अर्जन विभाग को मुआवजा राशि प्रदान की थी, लेकिन अब तक किसी भी रैयत को यह मुआवजा नहीं मिला है। उनका आरोप है कि भू-अर्जन विभाग ने मुआवजा राशि रोक रखी है। मौजा चीमी साई सिलपुंजी सिदमा, अंचल तांतनगर, थाना मंझारी के रैयतों ने निर्णय लिया है कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलता, वे अपनी निजी जमीनों पर सड़क निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। इससे पहले भी ग्रामीणों ने 3 सितंबर 2024 को मुआवजे के लिए आवेदन दिया था।

ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। इस अवसर पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा। इस बैठक में रैयत ग्रामीणों में मुण्डा मथुरा नाथ चापिया, कानुराम सिरका, माती सिरका, किशोर गोप, विनोद गोप, मंगल गोद, डॉक्टर कुकल, कुजा कुंकल, हरिश कुंकल, मौरन सिंह कुंकल, और गुरु समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




