जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की एक विशेष बैठक केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे के नेतृत्व में कदमा शहीद निर्मल महतो सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर और केंद्रीय स्तर तक के कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।बाद में मीडिया से बात करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि मईया योजना की सफलता से भाजपा घबरा गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी योजना तुरंत नहीं बनती है। आधी आबादी के लिए यह योजना बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को 28 लाख वोट झारखंड में पड़े थे, जबकि मईया योजना का लाभ 48 लाख आधी आबादी को मिल रही है। इससे आप समझ लीजिए की 28 लाख के बाद बाकी 20 लाख कौन लोग है। इसमें भाजपा परिवार वाले भी लाइन में लगे हुए हैं।उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार जाति धर्म संप्रदाय देखकर कोई योजना नहीं चलाती है। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि झारखंड की जो डेमोग्राफी बदलने की बात भाजपा सरकार के नेता एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कही है, तो हमारा झारखंड किसी भी विदेशी सीमा से सटा हुआ नहीं है। जहां से घुसपैठ हो रही है, वह सीमा सुरक्षा बल, केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय के अधीन है। उन्हें जवाब देना चाहिए कि बाहरी घुसपैठ कैसे देश में हो रही है।
उन्होंने कहा कि डेमोग्राफी तो भारतीय जनता पार्टी की बदली है। भाजपा के मंच पर आपको भाजपा के नेता नहीं दिखाई पड़ेंगे, बल्कि कांग्रेस झारखंड विकास मोर्चा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता दिखाई देंगे। विनोद पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का बैनर और पोस्टर लेकर लोग ग्रामीण क्षेत्र में जाना भी नहीं चाहते हैं। ग्रामीणों में भाजपा के विरुद्ध काफी आक्रोश है। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता मोहन कर्मकार के साथ राजू गिरी ,हिदायतुल्ला खान सहित कई नेता उपस्थित थे।