रांची : कोल्हान क्षेत्र के छोटानागरा थाना अंतर्गत नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान एक आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें कोबरा 209वीं बटालियन के एसआई जितेन्द्र दानी घायल हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनल, अनमोल, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, और अमित हांसदा उर्फ अपटन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इस जानकारी के आधार पर 7 अगस्त से छोटानागरा और जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगल क्षेत्रों में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया। गुरुवार सुबह, इस अभियान के दौरान, वनग्राम बलिबा के आस-पास के जंगली क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए पूर्व में लगाए गए आईईडी को विस्फोटित किया, जिसमें एसआई जितेन्द्र दानी घायल हो गए। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

प्राथमिक उपचार के बाद, उन्हें पुलिस मुख्यालय और सीआरपीएफ के सहयोग से एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा बलों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है, और नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।





