बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच लुगू पहाड़ी क्षेत्र में भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया गया, जिनमें से एक की पहचान 25 लाख के इनामी नक्सली कुंवर मांझी के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों ने घटना स्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया था, जिसे एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही जवान शहीद हो गया। सुरक्षा बलों ने घटना स्थल से एक एके 47 राइफल और बड़ी संख्या में गोलियां बरामद की हैं।

बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मुठभेड़ सुबह 5 बजे झुमरा और लुगू पहाड़ी के बीच के क्षेत्र में हुई। सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान शुरू किया, जिस पर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।




