Saraikela (संजीव मेहता) : वार्ड 17 स्थित शिव काली मंदिर में नव निर्वाचित मेयर संजय सरदार द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई. इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्यों द्वारा उनका नागरिक अभिनंदन किया गया. मंदिर समिति के अध्यक्ष उपेंद्र ठाकुर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. वहीं पूर्व अध्यक्ष बिरेंद्र यादव ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने वार्ड संख्या 17 में पेयजल की घोर किल्लत की समस्या की ओर नव निर्वाचित मेयर का ध्यान आकृष्ट किया तथा सुझाव दिया कि निकटवर्ती वाटर प्वाइंट जंक्शन से वार्ड 17 में पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति शीघ्र प्रारंभ की जाए. साथ ही वार्ड में समुचित साफ-सफाई, नियमित कचरा उठाव, मच्छरों से निजात दिलाने के लिए फॉगिंग की व्यवस्था, प्रभात पार्क को पुनः खेल मैदान में परिवर्तित करने तथा सार्वजनिक कार्यों के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने का निवेदन किया गया.

मेयर संजय सरदार ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और इन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. उन्होंने नागरिक अभिनंदन के लिए मंदिर समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में सहयोग का भरोसा दिलाया. इस अवसर पर नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद नीतू शर्मा को भी सम्मानित किया गया तथा वार्ड 17 की जनता की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति के संयोजक आर.एन. प्रसाद द्वारा किया गया. इस अवसर पर विश्वमोहन जी, मनोज तिवारी, मनोज अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण मिश्र, एन.एन. मिश्रा, कैलाश पाठक, अजय सिंह, कैलाश शाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.




