जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केबल कंपनी परिसर में बुधवार देर शाम एक बार फिर अगलगी की घटना से अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया. समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व ने कंपनी परिसर के अंदर जलती हुई चिंगारी फेंकी, जिससे मोबिल के ड्रम में आग लग गई. मोबिल में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब केबल कंपनी में आग लगी हो. इससे पहले भी कई बार अगलगी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.

गौरतलब है कि हाल ही में केबल कंपनी का अधिग्रहण वेदांता समूह द्वारा किया गया है और कंपनी के दोबारा संचालन की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है. ऐसे समय में लगातार हो रही अगलगी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी है और पुलिस भी मामले की जांच में लगी हुई है.




