साहिबगंज: मालदा रेल मंडल के अंतर्गत कल्याणचक और तालझारी रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना होते- होते बची। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याणचक रेलवे स्टेशन के समीप पोल संख्या 198/38 के पास अज्ञात चोरों ने क्रॉसिंग लाइन से भारी मात्रा में पैंड्रोल क्लिप चोरी कर ली थी। यह चोरी रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती थी।

घटना उस समय उजागर हुई जब साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के चालक की नजर ट्रैक में गड़बड़ी पर पड़ी। चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को कल्याणचक-सपदरहाट के बीच रोक दिया और तुरंत इसकी सूचना गेटमैन के माध्यम से कल्याणचक स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। रेलवे कर्मियों ने ट्रैक की मरम्मत कर आवागमन को सुचारू किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते चालक सतर्कता नहीं दिखाते, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। लेकिन सबसे बड़ा सवाल क्या है — यह सिर्फ चोरी का मामला है या फिर किसी बड़े घटना को अंजाम देने की साजिश? यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन फिलहाल कह सकते हैं कि चालक की सूझबूझ के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।




