सरायकेला : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जागरूकता रथ को रवाना किया। यह वाहन जनसामान्य को धूम्रपान और तंबाकू से होने वाली बीमारियों के प्रति सजग करने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने बताया कि यह रथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी इलाकों में भ्रमण करेगा और ध्वनि संदेशों के माध्यम से नागरिकों को धूम्रपान नियंत्रण कानून (कोटपा 2003) एवं ई-सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 की जानकारी देगा।

इसके अतिरिक्त, यह लोगों को तंबाकू की लत से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराएगा। इस वर्ष की थीम “तंबाकू दिखावे का दम, इरादों में जहर, आकर्षण के पीछे का खतरनाक सच” को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना बनाई गई है। उपायुक्त ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे इस प्रयास में भाग लें और तंबाकू रहित समाज की दिशा में योगदान दें। इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक निर्मल दास तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने इस मुहिम को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।




