Saraikela (संजीव मेहता) :टाटा स्टील गम्हरिया में आज उद्योग जगत के लिए एक महान उपलब्धि का साक्षी बनने वाला दिन था, जहां अत्याधुनिक फल्क्स वेयरहाउस, गेट संख्या 01ए तथा एक स्मार्ट ट्रांसपोर्ट पार्क का उद्घाटन किया गया. इस कार्यक्रम में टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (टीक्यूएम, जीएसपी एंड सप्लाई चेन) पियुष गुप्ता, टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष बी.के. डिंडा, प्लांट चीफ (टीएसजी) रंजन कुमार सिंह एवं चीफ प्रोक्यूरमेंट, टीएसएल, राणा दास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर आधुनिक तकनीक और कर्मचारी सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया.
फल्क्स वेयरहाउस में नवीनतम मटेरियल हैंडलिंग सिस्टम से न केवल कार्यकुशलता में अभूतपूर्व सुधार होगा, बल्कि इसमें जीरो दुर्घटना के उच्चतम सुरक्षा मानकों को लागू किया गया है. वहीं, गेट 01ए का उद्घाटन रिमोट सिस्टम द्वारा करना, टाटा स्टील के डिजिटल युग में कदम रखने की झलक देता है. इसे कंपनी के आधुनिक संचालन प्रणाली में निर्णायक वृद्धि माना जा रहा है. करीब चार एकड़ में विस्तृत ट्रांसपोर्ट पार्क ने हजारों कर्मचारियों के लिए बेहतर और सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था मुहैय्या कराई है. विशेषकर दोपहिया वाहनों हेतु पहले की सुरक्षा चुनौती को समाप्त कर दिया है. इस पार्क में ट्रक ड्राईवर के लिए आरामगृह, हेल्थ सेंटर, डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे संचालकों को सहजता और सुविधा मिलेगी. इस नवाचार ने कर्मचारियों एवं ड्राइवरों के मन में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया है. समारोह में टाटा समूह के प्रेरक संस्थापक जे.आर.डी. टाटा को उनकी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई, जिनके सिद्धांत आज भी कंपनी की प्रगति का आधार हैं.

माल्यार्पण कर उन्हें याद करते हुए उपस्थित अधिकारियों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
कार्यक्रम समापन पर हरी झंडी दिखाकर एक विशाल ट्रक को ट्रांसपोर्ट पार्क से रवाना किया गया, जो टाटा स्टील के सुरक्षित, डिजिटल, और दक्ष संचालन की शुरुआत का प्रतीक है. इस कार्य में कैप्टन मनीष सिन्हा, विजय मुतालिक, एस.एन. पांडे, नीलकमल दास, महेंद्र सिंह, नीरज गुप्ता, मृत्युंजय बर्मन और अन्य सहयोगी टीमों की सराहनीय भूमिका रही. अतिथियों ने इस पहल को कंपनी के भविष्य की सुरक्षा और दक्षता के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया एवं पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी. टाटा स्टील गम्हरिया ने इस कदम से साबित कर दिया है कि वह तकनीकी नवाचार और मानव-केंद्रित विकास दोनों में अग्रणी है. यह उद्घाटन समारोह न केवल कंपनी के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास और कर्मचारियों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है,जो एक उज्ज्वल, सुरक्षित और आधुनिक भविष्य की ओर बढ़ रहा है।





