जामताड़ा : जामताड़ा जिले में साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने अब व्यापक रणनीति अपनाई है। अब कार्रवाई केवल अपराधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन संस्थानों पर भी नजर रखी जाएगी, जिनकी लापरवाही से ठगों को फायदा मिल रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बैंकों, सीएसपी केंद्रों और एटीएम संचालन से जुड़े सभी स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
पुलिस ने निर्देश दिया है कि सभी संबंधित केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। इसके साथ ही संदिग्ध लेन-देन, अचानक बड़ी राशि की निकासी या खातों में असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

समन्वय को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने बैंक अधिकारियों और एटीएम प्रभारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले की स्थिति पहले से बेहतर हुई है, लेकिन लापरवाही बरती गई तो हालात दोबारा बिगड़ सकते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि साइबर अपराध एक संगठित नेटवर्क है, जिसे तोड़ने के लिए पुलिस और वित्तीय संस्थानों का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




