रांची : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी में होने वाली भर्ती प्रक्रिया को लेकर होमगार्ड एंड फायर डीआईजी अजय लिंडा ने स्पष्ट किया है कि गृह रक्षकों की बहाली पूरी तरह स्वच्छ, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सिफारिश, भ्रष्टाचार या अनुचित दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि किसी स्तर पर अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।डीआईजी लिंडा ने बताया कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से महिला व पुरुष उम्मीदवारों की भर्ती की जा रही है, जिसमें 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। यह बहाली राज्य के युवाओं को न केवल रोजगार का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, चिकित्सकीय परीक्षण और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनुशंसा, फर्जी प्रमाणपत्र या पैसे के लेनदेन की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सभी चयन प्रक्रियाएं वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से निगरानी में रखी जाएंगी ताकि पूरी पारदर्शिता बनी रहे।

डीआईजी लिंडा ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने मेहनत और योग्यता पर भरोसा रखें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को किसी भी स्तर पर घूस या सिफारिश के लिए संपर्क किया जाता है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए। इस प्रकार, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की यह भर्ती प्रक्रिया एक आदर्श और पारदर्शी प्रणाली के रूप में सामने आएगी, जो योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी भेदभाव के अवसर प्रदान करेगी और राज्य की सुरक्षा प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाएगी।




