बिहार : बिहार के बक्सर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक वारदात ने सबको झकझोर कर रख दिया। राजपुर थाना अंतर्गत अहियापुर गांव में कुछ बदमाशों ने तड़के लगभग पांच बजे पांच लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में तीन लोगों की मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। पीड़ित सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त पीड़ित नहर के पास टहल रहे थे, तभी एक वाहन में सवार हमलावर आए और सीधे गोली चलानी शुरू कर दी। हमले में विनोद सिंह और सुनील सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र सिंह ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ा। दो अन्य परिजन, जो उन्हें बचाने पहुंचे थे, वे भी हमले में घायल हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और एसडीपीओ धीरज कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मामला गिट्टी-बालू के व्यवसाय से जुड़ी रंजिश का बताया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में विशेष टीम बनाई गई है। गांव में तनाव और नाराजगी का माहौल है, स्थानीय लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




