सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे रविवार को एक निजी विद्यालय के शिक्षक का शव मिलने से इलाके में दहशत और शोक का माहौल बन गया। मृतक की पहचान नुवागढ़ धातकीड़ीह निवासी जीतन महतो के रूप में हुई है। वे मिरुडीह स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की शाम वह माणिक बाजार में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ तीन अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार पूर्वाह्न पुल के नीचे उनका शव मिलने की सूचना से परिवार और ग्रामीण स्तब्ध रह गए।

प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत पानी में डूबने से हुई है, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के हर पहलू की जांच शुरू कर दी है। जीतन महतो अपने परिवार के बड़े बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्र हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक और मायूसी का वातावरण व्याप्त है।






