सरायकेला : सरायकेला जिले में सड़क हादसों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बन गई है। मई माह में जिले में 27 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 20 लोगों की जान चली गई और 8 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए। इन हालातों को देखते हुए बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक हुई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने बताया कि जिले में 18 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं जहां बार-बार हादसे होते हैं। उपायुक्त ने इन जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में बड़े चेतावनी बोर्ड लगाने, यातायात बल की मौजूदगी बढ़ाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे अनधिकृत दुकानें और वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने को कहा। NH-32, NH-33 और चौका-चाईबासा मार्ग पर हो रही घटनाओं की गहन समीक्षा कर समस्याओं के समाधान के आदेश दिए गए। गम्हरिया से स्वर्णरेखा पुल तक खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत पर भी जोर दिया गया। अंत में उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर सतर्कता बरतें और प्रशासन के प्रयासों में सहभागी बनें।




