सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के खनन विभाग को एक बड़ी राजस्व की उपलब्धि हासिल हुई है। विभाग द्वारा चांडिल बालू घाट की ई-टेंडर के माध्यम से की गई नीलामी से कुल 26 करोड़ 50 लाख 55 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह नीलामी राज्य सरकार के निर्देशानुसार पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा के तहत संपन्न की गई। ई-टेंडर प्रक्रिया में कुल पांच बिल्डरों ने भाग लिया था। नीलामी की बोली 25 करोड़ 51 लाख रुपये से शुरू हुई थी, और प्रतिस्पर्धी माहौल में यह राशि बढ़ते-बढ़ते 26.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

अंततः यह बालू घाट “घोस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड” नामक कंपनी को आवंटित किया गया। चांडिल बालू घाट, क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण खनिज संसाधन केंद्र है, जहां से निर्माण कार्यों के लिए उच्च गुणवत्ता की बालू की आपूर्ति की जाती है। इस घाट की नीलामी से न केवल जिला खनन विभाग को भारी राजस्व प्राप्त हुआ है, बल्कि इससे स्थानीय विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। साथ ही, इससे सरकार की राजस्व नीति और खनिज संसाधनों के समुचित दोहन की पारदर्शी प्रणाली को बल मिलेगा। जिलाखनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि ई-टेंडर प्रक्रिया से भ्रष्टाचार की संभावना कम होती है और अधिकतम प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित होती है, जिससे सरकारी खजाने को लाभ होता है। यह नीलामी जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।





