Saraikela (संजीव मेहता) : एनएच 33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में मंगलवार को 54वीं नेशनल जूनियर ओपन (अंडर-19) एवं 39वीं नेशनल जूनियर गर्ल्स (अंडर-19) चेस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ. 9 दिवसीय इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से कुल 339 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. जिनमें 214 खिलाड़ी ओपन कैटेगरी तथा 125 खिलाड़ी गर्ल्स कैटेगरी में शामिल हैं. ₹10 लाख की कुल इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप ने पहले ही दिन से शतरंज प्रेमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया.
समारोह की शुरुआत सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के सदस्य आर. एन. प्रसाद द्वारा की गई. इसके पश्चात टूर्नामेंट के चीफ आर्बिटर, गुजरात से अम्बरीश जोशी ने प्रतियोगिता से संबंधित सभी तकनीकी जानकारियां खिलाड़ियों और उपस्थित अतिथियों को प्रदान कीं, जिससे खेल के नियम एवं प्रक्रियाएं स्पष्ट हुईं. इसके बाद सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया. इस अवसर पर टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) सुंदर रामम ने कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक विजेता अधिराज मित्रा का विशेष उल्लेख करते हुए उनके संघर्ष और उपलब्धियों को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया. यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि यह पहली बार झारखंड में आयोजित की जा रही है.

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए कई इंटरनेशनल मास्टर,फ़िडे मास्टर एवं अन्य टाइटलधारी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. खिलाड़ियों ने इस आयोजन को युवा प्रतिभाओं के लिए एक उत्कृष्ट मंच बताया. उद्घाटन समारोह में सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, झारखंड शतरंज संघ के सचिव मनीष कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष ऋचा संचिता, रांची शतरंज संघ के सचिव नवजोत अलंग, अनिल सिंघानिया, मुकुल चौधरी, इंटरनेशनल मास्टर नीरज मिश्रा, उपाध्यक्ष एन. के. सिंह,शैलेन्द्र कुमार, विनोद सिंह, राज कुमार सिंह, संरक्षक सूरज भदानी, चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया तथा एन. के. तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया.




