जमशेदपुर : रेलवे कर्मचारियों की वार्षिक शारीरिक जांच को अनिवार्य करने की मांग रेलवे एम्प्लोयी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने की है। उन्होंने कैरेज कॉलोनी में एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में यह बात कही। शिविर में कर्मचारियों और आम लोगों के ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच की जाती है। तीन महीने से हर रविवार चल रहे इस शिविर ने आज 1,000 लोगों के जांच के लक्ष्य को पूरा किया। मनोज मिश्रा ने कहा कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारी गंभीर शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनका दर्द अनसुना रह जाता है। स्पाइन और कमर दर्द जैसी समस्याओं से प्रभावित इन कर्मचारियों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच उनकी समस्याओं को समझने और हल करने में मददगार होगी। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कई लोगों को पहली बार ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या का पता चला।

उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार शाही ने फील्ड स्टाफ के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम की जरूरत पर जोर दिया। सचिव एसपी विश्वास और सलाहकार पूरन थापा ने घोषणा की कि अगले महीने से शिविर का आयोजन टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर होगा। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।



