रांची:झारखंड में इन दिनों अवैध गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। Jharkhand Food Supply Corporation (खाद्य आपूर्ति)के सचिव राजेश शर्मा द्वारा राज्य के सभी जिले के सभी पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अवैध कालाबाजारी करने वाले को किसी भी हाल में बक्सा नहीं जाएगा। अवैध गैस कलाबाजारियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
स्पष्ट निर्देश दिया है कि आम उपभोक्ताओं के हक में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य के विभिन्न जिलों में प्रशासन, आपूर्ति विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा गैस एजेंसियों, गोदामों और संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान यह पाया गया कि कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, वहीं कुछ एजेंसियों द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जा रही है।

ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसियों के लाइसेंस निलंबित करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है। राजेश शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद परिवार को समय पर और उचित मूल्य पर एलपीजी गैस उपलब्ध हो। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अनियमितता की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कई जगहों पर गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जिससे सुरक्षा का भी खतरा बना हुआ था। ऐसे मामलों में न केवल आर्थिक अपराध बल्कि जनसुरक्षा के लिहाज से भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान कई अवैध सिलेंडर जब्त किए गए हैं और संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।




