रांची : तांतनगर थाना क्षेत्र के रूतासाई गांव में सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना उस समय हुई जब चारों व्यक्ति खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे थे। अचानक मौसम बदला, हल्की बारिश शुरू हुई और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ वज्रपात हुआ।

जान बचाने के लिए सभी खेत छोड़कर घर की ओर लौट रहे थे, तभी पास ही बिजली गिरी और वे चपेट में आ गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। उनमें से सीताराम सवैया की स्थिति अत्यंत चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज हेतु निजी चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। अन्य दो पीड़ितों के नाम रेगा मुंदुईया और सावन सवैयां बताए गए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है। मृतक का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल परिसर में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




