गिरिडीह : पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह गांव स्थित गादी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में 3 महिलाएं और 5 पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए परिजनों ने सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी मो. जमरुद्धीन अंसारी उर्फ सेठी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि तेलोडीह मौजा के गादी में करीब 95 डिसमिल जमीन पांच वर्ष पूर्व रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी। जमीन को जेसीबी से समतल कराने के दौरान किसी ने आपत्ति नहीं की। सोमवार को तेलोडीह निवासी मो.अल्लाउद्दीन अंसारी, मो. नन्हू और उनके परिवार की 5-6 महिलाएं जमीन को घेरने लगीं। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और उनके भाई खुर्शीद अंसारी पर टांगी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने पर वे खुद भी लाठी और टांगी से जख्मी हो गए।

दूसरे पक्ष के घायल सफरुद्दीन अंसारी, जमेर अंसारी और अल्लाउद्दीन अंसारी ने संयुक्त बयान में कहा कि जमरुद्धीन अंसारी उनकी जमीन को बेचने की नीयत से जेसीबी से समतल कर रहे थे। मना करने पर जमरुद्धीन ने 20-25 लोगों को हथियारों के साथ बुला लिया। आरोप है कि इन लोगों ने उनकी पत्नी नोजाहान खातून, भाभी आसमा खातून, बहू अमना खातून समेत अन्य महिलाओं पर टांगी, फरसा और लाठी से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष ने जमरुद्धीन अंसारी पर भू-माफिया होने का भी आरोप लगाया है और थाना में आवेदन देने की बात कही है।




