Aditypur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में चोरी-छिपे चल रहे लॉटरी मटका सट्टे के गोरखधंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सूत्रों के अनुसार, बीते एक महीने से इलाके में यह अवैध सट्टा कारोबार तेजी से फल-फूल रहा था। यह खेल आज़ाद उर्फ मंझला नामक युवक के इशारे पर संचालित किया जा रहा था, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। गुप्त सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने छापेमारी की और आरोपी मंझला को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी के पक्ष में कुछ स्थानीय पैरवीकार उसे छुड़ाने की कोशिश में थाने के बाहर जुटे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस सट्टा रैकेट में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




