बिहार : मोतिहारी में शुक्रवार को साइबर क्राइम यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को हिरासत में लिया। इनमें एक का नाम मोहम्मद जावेद है, जो मिस्कॉट क्षेत्र का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपी पंकज कुमार पांडेय अंबिकानगर का रहने वाला है और एसएसबी की 47वीं बटालियन में हवलदार के रूप में तैनात है।

छानबीन के दौरान टीम को 10 लाख 30 हजार रुपये नकद मिले हैं। इसके अतिरिक्त नोट गिनने की मशीन, लैपटॉप, 2 डीवीआर, 14 चेकबुक, 11 बैंक चेक, 6 पासबुक, 10 एटीएम कार्ड, दो गाड़ी के कागजात, एक पॉकेट डायरी जिसमें सभी ट्रांजैक्शन दर्ज थे, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एक रायफल, एक पिस्टल, 21 गोलियां, दो पिस्टल मैगजीन, एक रायफल मैगजीन, तीन मोबाइल और तीन सीपीयू भी बरामद किए गए। जांच अधिकारियों के अनुसार, पंकज और जावेद नकद राशि देकर दयाशंकर नामक व्यक्ति से यूएसडीटी (डिजिटल करेंसी) खरीदा करते थे। दयाशंकर, आरोपी पुरुषोत्तम चौधरी के नजदीकी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।




